
“इतना बड़ा पॉलीथीन बैग, मिला कहाँ से तुमको?”
“और वो भी पीले रंग का ? सच कह रहा हूँ। मैंने आज तक ऐसा बैग नहीं देखा।”
“नहीं देखा? तुम कहाँ काम करते हो? प्लास्टिक या पॉलीथीन के कारखाने में? या रोज़ उस ऊँचे पहाड़ पर कूड़ा चुनने जाते हो?”
“अरे! वो पहाड़ नहीं, कूड़ा ही है जो पहाड़ बन गया है।”
“मतलब जाते हो वहीं रोज़। छी, तभी सड़ी हुई बदबू आती है तुमसे।”
“हा हा हा आ आ, हँसना था। नहीं आई हँसी।”
“जिसकी नाक बदबू सूंघ-सूंघ कर सड़ गई हो, उसे क्या हँसी आएगी।”
“बस करो तुम दोनों, जब देखो शुरू हो जाते हो।”
“शुरू किसने किया था? पीला बैग नहीं देखा। फालतू की बक-बक हमेशा…”
“अच्छा ठीक है सोर्री, माफ करो पीले बैग वाली महारानी।”
तीनों के छह पैर सुखी घाँस पर खसर पसर की आवाज़ करते हुए तेज़ी से आगे बढ़े। मानों तीनों की ज़ुबान चुप हुई, और पैर झगड़ने लगे हों।
“और कितना दूर है? उखड़ी हुई साँस के बीच से थकी हुई आवाज़ आई।”
“बस अभी से थक गए, हो गई हीरोगीरी ख़तम ?”
“ओ, महारानी! सबको आती नहीं, मेरी जाती नहीं।”
“हीरोगीरी बोला मैंने, हीरोपन्ती नहीं । पता नहीं कौन-कौन सी बकवास मूवीस देखता है ये पागल।”
“अच्छा बकवास है… तो तुमको डायलॉग कैसे पता? बड़ी आई हॉलीवुड फ़ैन।”
“यार…. फिर मत शुरू करो अपना टॉम एंड जेरी। बता दो कितनी दूर है? थक तो हम सभी गए हैं। और अँधेरा भी हो गया है। कहीं लास्ट टाइम की तरह गड़बड़ न हो जाए। नौ बजे तक वापस घर भी पहुँचना है। और साढ़े आठ हो भी गए।”
“हाँ तो चुप करके थोड़ा तेज़ चलो। मैंने इस बार सपने में रास्ता अच्छे से देखा है। फिर भी थोड़ा तो डिफ़्रेंस होता ही है। ड्रीम और रियलिटी में।”
“ओ हो, तो इसको कुछ पता नहीं, और हम पर अकड़ जमा रही। कौन सी पिक्चर थी वो? ड्रीम के अंदर ड्रीम। खुद को नोलन समझने लगी है ये। वो तो अच्छा है मैं टॉर्च ले आया….”
बहुत तेज़ आवाज़ हुई, जैसे बहुत नीचे से कोई प्लेन गुज़रा हो। पेड़ की एक बड़ी सी, मोटी सी टहनी ठीक उन तीनों के सामने गिरी। टॉर्च की लाइट में चमकते हुए…
अचानक अजीब सा गहरा सन्नाटा हो गया, तीनों की बोलती बंद। अब तक जो मज़ाक लग रहा था। शायद वो मज़ाक नहीं था।
“तुमने सपने में ये… ये देखा था? कैसे?”
“बोला था न, कुछ बड़ा सा सामने आएगा। लकड़ी या पत्थर ठीक से याद नहीं। मेरे पीछे चलो और अलर्ट रहो। बस, हम पास ही हैं। याद रखना क्या करना है। कोई टाइम वेस्ट नहीं। वहाँ से भागना है, और सोसाइटी गेट के अंदर पहुँचकर ही रुकना है। और कुछ भी हो जाए, पीछे मुड़कर नहीं देखना।”
“हाँ अब तो लग रहा है, नोलन की सुनने में ही भलाई है। मैं बीच में रहूँगा तुम दोनों के।”
“सबको आती नहीं, इसकी जाती नहीं।” दोनों, एक साथ बोल पड़ीं।
“हाँ ठीक है, एक तो तुम दोनों सीता गीता टाइप हो, आईडेंटिकल ट्विन्स, अब मज़ाक भी मिलकर उड़ाओ। बस एक बार घर पहुँच जाऊँ, फिर बताता हूँ।”
अगले ही पल तीनों की आँखें चमक रही थी। इस बार डर से ज़्यादा हैरानी थी। अचानक वो खुले मैदान में थे, जंगल के बीचों बीच, खुला मैदान कहाँ से आया? और जब तीनों से सिर उठाया तो आसमान में तारों से साफ साफ “वाइ” बना हुआ था।
“ये तो कभी नहीं देखा मैंने किसी बुक में? चक्कर क्या है? वाइ मतलब ?”
“श श श श्श…” दोनों ने एक साथ कहा, “हमारे पास टाइम नहीं है। तुम फटाफट सब सामान निकालो बैग से।”
“हाँ हाँ, रुको”, उसने अपने स्कूल बैग को फटाफट अपने कंधे से उतारा। उसमें से माचिस, कैंडल और एक पेंसिल जिसके आगे कवर में एक हाथ बना था, जिसमें से एक उंगली सामने की तरफ थी। जैसे कोई रास्ता बताने का इशारा करता हो वैसे।
वो दोनों आगे आईं, और उस पेंसिल में लगे हाथ से ज़मीन पर कुछ लकीरें बनाईं। पीले पॉलीथीन बैग से एक बड़ा सा एयर कैंडल निकाला।
“अरे ये भी पीला?”
“श श श श्श्स…,” दोनों ने उसकी तरफ देखते हुए। मुँह पर उंगली रखने का इशारा किया।
पार्क में शोर था, छुट्टियाँ थी तो, पूरी सोसाइटी ही पार्क में थी। सब अपने अपने ग्रुप में।
उसके चेहरे पर खुशी थी। मन ही मन सोच रहा था कि वो दोनों, आए तो वो बताएगा की उसने सब डिकोड कर लिया, “पीला” यानि “येल्लो” बैग, “येल्लो” स्काइ कैंडल, “येड़”, “यंत्रा”।
तभी वो सामने से आती दिखाई दी। उदास लग रही थी।
“क्या हुआ महारानी, सोर्री नोलन। सब ठीक, शक्ल पर बारह क्यूँ बजे हैं?”
“कुछ नहीं, अजीब सा सपना देखा मैंने।”
“फिर से ? अब कौन सा टास्क आ गया? मैं नहीं जा रहा कहीं अब। और वो समझदार नोलन नहीं आई? वापस चली गई क्या हॉस्टल ?”
“क्या बोले जा रहे हो। मेरा सिर दर्द हो रहा है। और ऊपर से तुम्हारी बक-बक…. कौन समझदार नोलन?”
“अरे तुम्हारी जुड़वा, वो तो अच्छा है तुम दोनों का स्टाइल थोड़ा अलग है। वरना तो डर जाए कोई भी।?
“तुम्हें कैसे पता कि मुझे कल सपने में अपने जैसी एक लड़की दिखी? बहुत अजीब सा सपना था, हम हॉट एयर बैलून में उड़ रहे थे, वो मुझे साथ ले जा रही थी…”
“अरे, वो सपना कहाँ था? कल हमने ही तो वो एयर बैलून मतलब कैंडल, उड़ाया था। तुमको वो हॉट एयर बैलून क्यों लग रहा है? और अपने जैसी लड़की का क्या मतलब? तुम्हारी ट्विन ही तो है। जो हॉस्टल में रहती है, कल रात ही तो हम तीनों…”
“तुम पागल हो गए हो ? मेरी कब से कोई ट्विन सिस्टर हो गई। और मैं ख़ुद आज तीन दिन बाद घर से निकली हूँ। फीवर था मुझको। वो हमें स्कूल के लिए वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट बनाना है, भूल गए? हमारे पास बस 2 दिन बचे हैं। बाल्कनी से तुमको देखा तो उसी के लिए मिलने आई। और तुम्हारा तो दिमाग ही डम्प यार्ड बना पड़ा है।”
” ‘यार्ड’, नहीं ‘येडा’ हो गया हूँ मैं। ‘येड़’ मतलब ‘हाथ’ होता है। ‘येल्लो’ मतलब ‘पीला’ होता है। जो साइन बनाया था वो ‘यंत्रा’ होता है। और कल जो सब हुआ वो मेरा सपना था? कल मतलब ‘यस्टरडे’ होता है। और आसमान में तारों ने भी ‘वाइ’ ही तो बनाया था।”
अचानक बिल्डिंग के ठीक ऊपर से एक प्लेन गुज़रा। एक पीले रंग का बड़ा सा पॉलीथीन बैग घास पर रोल करता हुआ, ठीक उन दोनों के बीच आकर रुक गया।
“अरे ये तो वही….” दोनों ने हैरानी से एक-दूसरे को देखा, और कहते-कहते वो दोनों भी रुक गए।
If you like audio stories, please check this story playlist at The Creative Zindagi Podcast
Have you read these? –
- एक किस्सा सुनो!
- मालदा आम | King of Mangoes
- नीली साइकिल… और सड़ते हुए फ़ल!
- जिजीविषा
- उसकी मुस्कान बाकी है
- मेरा मन, तेरा मन (Between Words & Silence)
- सन्नाटे का शोर…
- एंटेना, कद्दू और एजुकेशन सिस्टम
- दो ज़िंदगियाँ, एक आईना
- यूटोपिया (EUTOPIA)
- बात तो सही है!
- खिड़की, रद्दी और खबरें!
- मर्द का मज़हब, औरत की जात…!
- ओह माय गॉड, सुरभि!
- a trialogue!
- आप तो जानते ही हो!
- प्रैंकड़: Stranger at the Stop
- अजनबी हमसफ़र!
- रिहाई.. खुद से!
- “शोर” बुराई का..
- प्रकृति का स्वभाव और इंसान की प्रकृति !
- सेल्फी पॉइंट से परे शहरों की असली खूबसूरती
- शेयरिंग इस केयरिंग !
- नया साल, पीरियड्स पेन और फ़र्ज़ी ग्लोबल वार्मिंग!
- टेलीपैथी
- छोटे-छोटे ईमानदार सच, एक बड़े झूठ पर भारी।
- सर्द मौसम की एक खुशनुमा कुदरती मुलाक़ात।
- सनडे, नींद, डोरबैल और प्रीविलेजेड लाइफ।
- रेसोल्यूशन न लेने का रेसोल्यूशन!
- लाइफ टाइम गैरंटी।
- शादी, शिक्षा और बाज़ार : सामाजिक विडंबनाओं का संसार।
- ज़िंदगी कैसी है पहेली हाय!
Interesting mix of multiple thoughts ….